लखनऊ विश्वविद्यालय ने जीत की लय रखी बरकरार, सेमीफाइनल में बनाई जगह
नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27: क्वार्टर फाइनल में जामिया मिलिया इस्लामिया को 11 रन से हराया, अब हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से होगी भिड़ंत
लखनऊ, 25 नवंबर 2026। नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। बुधवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में लखनऊ विश्वविद्यालय ने जामिया मिलिया इस्लामिया, दिल्ली को 11 रन से पराजित किया। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय और चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर अंतिम चार में जगह बना ली।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने 11 रन से दर्ज की जीत
लखनऊ विश्वविद्यालय के परांजपे क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाए। टीम की ओर से आदि आदेश शुक्ला और शौर्य सिंह ने 36-36 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। आदि आदेश ने 26 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से 36 रन बनाए, जबकि शौर्य सिंह ने 30 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से इतने ही रन जोड़े।
जामिया मिलिया इस्लामिया की ओर से हर्षित मिश्रा और इब्राहम ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि अत्रेय त्रिपाठी को दो विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जामिया की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 125 रन ही बना सकी। करन गर्ग ने 38 और कृष यादव ने 32 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से प्रखर तिवारी ने दो विकेट लिए, जबकि शिवम सिंह, क्षितिज त्रिपाठी और आदि आदेश शुक्ला ने एक-एक विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ लखनऊ विश्वविद्यालय ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया, जहां उसका मुकाबला हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से होगा।
अभिषेक सिंह के तूफानी शतक से जीता चंडीगढ़ विश्वविद्यालय
इसी मैदान पर खेले गए दूसरे क्वार्टर फाइनल में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने एमडीयू रोहतक को तीन विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमडीयू रोहतक ने 20 ओवर में सात विकेट पर 186 रन बनाए। अभिषेक चौधरी ने 40 और प्रथमेश एस ने 37 रन का योगदान दिया। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की ओर से करण यादव और रितिक संधू ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की शुरुआत खराब रही और 11 रन के स्कोर तक टीम के तीन विकेट गिर गए। हालांकि, अभिषेक सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले का रुख बदल दिया। उन्होंने मात्र 55 गेंदों पर नौ चौके और सात छक्कों की मदद से नाबाद 115 रन बनाए। उनकी शतकीय पारी के दम पर चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने 19.3 ओवर में सात विकेट पर 187 रन बनाकर जीत दर्ज की। एमडीयू की ओर से शुभम बधवार ने तीन और नितिन गुप्ता ने दो विकेट लिए।
दिल्ली विश्वविद्यालय ने सीजीसी यूनिवर्सिटी को 20 रन से हराया
आरएसजी स्टेडियम, अलीगंज में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दिल्ली विश्वविद्यालय ने सीजीसी यूनिवर्सिटी को 20 रन से पराजित किया। दिल्ली विश्वविद्यालय ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 178 रन बनाए। टीम की ओर से श्रेष्ठ पी यादव ने 43 गेंदों पर दो चौके और चार छक्कों की मदद से 59 रन बनाए, जबकि अश्विनी जे छिल्लर ने 39 गेंदों पर दो चौके और चार छक्कों की सहायता से 58 रन की पारी खेली।
सीजीसी यूनिवर्सिटी की ओर से गौरव मेहरा ने तीन विकेट, जबकि ध्रुव मल्होत्रा और शुभम मेहता ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीजीसी यूनिवर्सिटी की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 158 रन ही बना सकी। दीपेंदर राणा ने 49 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से मनन भारद्वाज और शुभम दुबे ने तीन-तीन, जबकि सुमित चिकारा ने दो विकेट हासिल किए।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने पांच विकेट से दर्ज की जीत
आरएसजी क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए एक अन्य क्वार्टर फाइनल में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 161 रन बनाए। टीम की ओर से कृष्ण सारस्वत ने 46 गेंदों पर आठ चौके और तीन छक्कों की मदद से 78 रन की शानदार पारी खेली।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से आदित्य शर्मा ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि राजीव, अरशद धीमान और रोहित ठाकुर को दो-दो विकेट मिले। जवाब में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने 19.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अरशद धीमान ने 30 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 42 रन बनाए। वहीं सुकृत शर्मा ने 32, नमन ने 30 और ध्रुव सिंह ने 25 रन का योगदान दिया।
गुरुवार को होंगे दोनों सेमीफाइनल मुकाबले
टूर्नामेंट में गुरुवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय का सामना हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली विश्वविद्यालय और चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की टीमें आमने-सामने होंगी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भव्य पूर्व छात्र सम्मेलन के साथ मनाया गया लखनऊ विश्वविद्यालय का 106वां स्थापना दिवस
लखनऊ विश्वविद्यालय की भाषण प्रतियोगिता में अमृता अव्वल
लखनऊ विश्वविद्यालय के 106वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर 13 पूर्व छात्र सम्मानित
लखनऊ विश्वविद्यालय के 106वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह आज
लखनऊ विश्वविद्यालय ने छह विषयों की पीएचडी मेरिट लिस्ट 2026 की जारी, इंटरव्यू के बाद अब अंतिम चयन की प्रक्रिया