लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रोजेक्टिव टेस्टिंग के अनुप्रयोग पर विशेष व्याख्यान आयोजित

 

लखनऊ, 23 नवंबर 2026। लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षाशास्त्र विभाग की ओर से पीएचडी कोर्सवर्क के अंतर्गत सोमवार को ‘मनोविज्ञान एवं शिक्षा में प्रोजेक्टिव टेस्टिंग के अनुप्रयोग’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। दोपहर 2 से 4 बजे तक आयोजित इस व्याख्यान में प्रख्यात नैदानिक मनोवैज्ञानिक एवं प्रोजेक्टिव मनोविज्ञान विशेषज्ञ प्रो. (डॉ.) बी.एल. दुबे ने शोधार्थियों और शिक्षकों को इस विषय के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

 

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) बी.एल. दुबे अलास्का विश्वविद्यालय, अमेरिका से जुड़े हैं। वे सिमैनटिक इंकब्लॉट सोसायटी, अमेरिका के अध्यक्ष और इंडियन एसोसिएशन ऑफ क्लिनिकल साइकोलॉजी के पूर्व अध्यक्ष भी हैं।

 

अपने व्याख्यान में प्रो. दुबे ने मनोविज्ञान एवं शिक्षा के क्षेत्र में प्रोजेक्टिव परीक्षणों के उपयोग, महत्त्व और व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्टिव तकनीकें किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व, भावनाओं, अचेतन विचारों और व्यवहार संबंधी प्रवृत्तियों को समझने में किस प्रकार सहायक होती हैं।

 

उन्होंने परामर्श, मार्गदर्शन, नैदानिक मूल्यांकन और शैक्षिक अनुसंधान में इन तकनीकों की उपयोगिता को भी रेखांकित किया। साथ ही, इन परीक्षणों के प्रभावी उपयोग के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं से शोधार्थियों को अवगत कराया।

 

कार्यक्रम का आयोजन शिक्षाशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. श्रवण कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विभाग के शोधार्थियों और संकाय सदस्यों ने सहभागिता की। व्याख्यान के दौरान प्रो. दुबे के साथ हुए शैक्षणिक संवाद से प्रतिभागियों को विषय की गहन समझ विकसित करने का अवसर मिला।